आगरा न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / आगरा
🚨 Breaking News | आगरा

आगरा कैंट पर महिला समेत तीन चोर गिरफ्तार : भीड़भाड़ में यात्रियों का सामान चुराते थे, जीआरपी ने पकड़ा

आगरा | 22-Aug-2025 07:48 AM | 60 |
आगरा
भीड़भाड़ में यात्रियों का सामान चुराते थे, जीआरपी ने पकड़ा

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल में सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में आगरा कैंट जीआरपी और आरपीएफ पोस्ट आगरा किला की टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में सफलता हासिल की।

पहली कार्रवाई आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां थाना जीआरपी पुलिस टीम ने यात्रियों की शिकायतों और गुप्त सूचना के आधार पर चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसते हुए एक महिला और दो पुरुष चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान चुराते थे। ये लोग पर्स, मोबाइल फोन और बैग जैसी वस्तुएं चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से चोरी का सामान बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन और ट्रेनों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए अभियान और तेज़ किया जाएगा।

दूसरी बड़ी कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट आगरा किला टीम ने ईदगाह स्टेशन पर की। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश और प्रभारी निरीक्षक की देखरेख में की गई चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी गाड़ी संख्या 12497 अजीमाबाद एक्सप्रेस के पैंट्रीकार मैनेजर रंजीत सिंह (38 वर्ष, निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश) को नशे की हालत में पकड़ा गया। आरोपी की हरकतों से स्टेशन परिसर में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था और सरकारी कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।

आरपीएफ टीम आरोपी को पकड़कर पोस्ट ले गई और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि पैंट्री मैनेजर शराब के नशे में था। इस पर उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 147, 145 और 146 के अंतर्गत अपराध संख्या 529/25 दर्ज किया गया।

रेलवे सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और स्टेशन या ट्रेनों में अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत जीआरपी या आरपीएफ को सूचित करें।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.