PHM NEWS

ग्रामीण स्वास्थ्य और पोषण को मजबूती देने को लेकर समीक्षा बैठक

प्रकाशित: 26 Jul 2025

जिले में "एकीकृत ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस" (वीएचएसएनडी) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीडीओ ने बैठक में वीएचएसएनडी की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीएचएसएनडी ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वच्छता और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

बैठक में यह तय किया गया कि प्रत्येक माह ग्राम स्तर पर VHND का आयोजन सुनिश्चित हो, जिसमें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को टीकाकरण, पोषण सलाह, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और एएनएम को निर्देश दिया कि वे जनजागरूकता में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि ग्रामीण समुदाय इस योजना का अधिकतम लाभ उठा सके।

बैठक में सभी विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।