आगरा कैंट स्टेशन पर स्कैनर खराब
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले आगरा मंडल में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर वर्षों से स्कैनर मशीन खराब पड़ी है, और इसके बावजूद यात्रियों को बिना किसी जांच के प्लेटफार्म पर प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। यह स्थिति न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी है बल्कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने जैसा है।
हालांकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के वरिष्ठ अधिकारी श्री पी राज मोहन मंडल के सुरक्षा आयुक्त हैं, लेकिन इस गंभीर समस्या पर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। स्टेशन पर पहले भी बम धमकी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद स्कैनिंग सिस्टम को दुरुस्त करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किए गए।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि स्कैनर मशीन की गैर-मौजूदगी किसी भी संभावित आतंकी गतिविधि के लिए दरवाज़ा खोल सकती है। वर्तमान में केवल मैन्युअल जांच पर निर्भर रहना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर अगर कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्थानीय यात्रियों और रेलकर्मियों के अनुसार, कई बार इस विषय में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई। यह स्थिति न केवल रेलवे प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है, बल्कि यात्री सुरक्षा के प्रति उसकी गंभीरता पर भी सवाल खड़े करती है।
अब यह देखना होगा कि क्या वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त इस पर संज्ञान लेंगे या फिर यह मामला यूं ही दबा दिया जाएगा।