ऊर्जा मंत्री की टिप्पणी से आहत वैश्य समाज का विरोध प्रदर्शन
आगरा, 25 जुलाई 2025 — उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा वैश्य समाज पर की गई विवादित टिप्पणी के खिलाफ आज आगरा में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। अग्रवाल युवा संगठन (रजि.) के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में वैश्य समुदाय के लोगों ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्री तक पैदल मार्च निकालकर ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाज़ी की।
प्रदर्शनकारियों ने "बनियों का शोषण बंद करो", "ऊर्जा मंत्री शर्म करो", और "राज्यपाल जी से यह पुकार, ऊर्जा मंत्री हो बर्खास्त" जैसे नारों के साथ आक्रोश व्यक्त किया। संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
दरअसल, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का एक बयान—"यह कोई बनिए की दुकान नहीं चला रहे कि पैसा ले लिया और सामान नहीं मिलेगा"—वैश्य समाज को अपमानजनक लगा। इस टिप्पणी से समाज में व्यापक आक्रोश फैल गया।
राकेश अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज देश का सबसे बड़ा टैक्सदाता है और हर संकट में राष्ट्रहित में खड़ा रहा है। उन्होंने भामाशाह, डॉ. राम मनोहर लोहिया, महात्मा गांधी और महाराजा अग्रसेन जैसे ऐतिहासिक चरित्रों का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री को पहले वैश्य समाज का इतिहास पढ़ना चाहिए।
अग्रवाल युवा संगठन ने मांग की है कि ऊर्जा मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में विनोद कुमार अग्रवाल, अखिल बंसल, अंकित अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, और सैकड़ों समाजजन शामिल हुए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन सरकार के प्रति नाराज़गी साफ़ दिखाई दी।