डीएम कार्यालय में सपा राष्ट्रीय महासचिव ने उठाया चार युवकों की पाकिस्तान जेल से रिहाई का मुद्दा
डीएम कार्यालय में सपा राष्ट्रीय महासचिव ने उठाया चार युवकों की पाकिस्तान जेल से रिहाई का मुद्दा
बांदा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने गुरुवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर जनपद के तिंदवारी क्षेत्र के चार युवकों की पाकिस्तान की जेल से रिहाई का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से विदेश मंत्रालय व गृह मंत्रालय को प्रेषित ज्ञापन में इन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि माटा गांव के जितेंद्र पुत्र संजय, धौंसण गांव के लक्ष्मण पुत्र जागेश्वर, चांदबाबू पुत्र बशीर और चटगन गांव के सर्वेश पुत्र श्रीराम अक्टूबर 2021 में गुजरात तट पर मछली आखेट के दौरान पाकिस्तानी नौसेना द्वारा पकड़ लिए गए थे। तब से चारों युवक पाकिस्तान की जेल में बंद हैं और उनके परिवार आर्थिक व मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं।
पूर्व मंत्री निषाद पीड़ित परिवारों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे और कहा कि यह अत्यंत गंभीर मानवीय मामला है। समाजवादी पार्टी आगामी लोकसभा सत्र में अपने सांसदों के माध्यम से इस मुद्दे को संसद में उठाएगी, ताकि भारत सरकार त्वरित कार्रवाई कर युवकों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित कर सके।
उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद इन निर्दोष युवकों की घर वापसी से उनके परिवारों में फिर से खुशियों का संचार होगा। इस दौरान सपा नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले सहित स्थानीय कार्यकर्ता एवं पीड़ित परिवार मौजूद रहे।