PHM NEWS

बांदा: नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

प्रकाशित: 04 Aug 2025

बांदा |
बांदा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना शनिवार देर रात की है, जब एक व्यक्ति ने थाना कोतवाली नगर पर सूचना दी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री कोचिंग से लौटते वक्त सीएनजी ऑटो में सवार थी। ऑटो चालक और उसमें बैठे एक अन्य व्यक्ति ने रास्ते में कहा कि वे भी उसी दिशा में जा रहे हैं। लेकिन उन्होंने ऑटो को सुनसान जगह ले जाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक बांदा ने विशेष टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, रिक्शा वेरिफिकेशन और मिनिट टू मिनिट ट्रैकिंग के माध्यम से आरोपियों की पहचान की।

रविवार की भोर में करिया नाला के पास जब पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. कल्लू उर्फ मनोज यादव, पुत्र भवानीदीन, निवासी मवई, थाना कोतवाली नगर

  2. अनिल वर्मा, पुत्र जयकरण, निवासी थाना बबेरु

पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो बरामद किया है।

पुलिस का बयान:
“यह कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ने का स्पष्ट संदेश है। हमने कुछ ही घंटों में नाबालिग को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।”