PHM NEWS

प्राथमिक विद्यालयों में चारदीवारी व दिव्यांग शौचालय निर्माण

प्रकाशित: 11 Jan 2026

प्राथमिक विद्यालयों में चारदीवारी व दिव्यांग शौचालय निर्माण जनवरी अंत तक पूर्ण करने के निर्देश
डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक
बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालयों में चारदीवारी एवं दिव्यांग शौचालय निर्माण की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अवशेष कार्यों को हर हाल में जनवरी माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों में अभी तक चारदीवारी अथवा दिव्यांग शौचालय का निर्माण कार्य अधूरा है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ कर समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने उन प्राथमिक विद्यालयों की भी समीक्षा की, जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे सभी विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को जनवरी माह के अंत तक हटाया जाए।
इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं अन्य प्राथमिक विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यों में अनावश्यक विलंब किया गया तो संबंधित संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक शिक्षा समिति के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों की निगरानी को लेकर खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति की नियमित समीक्षा करते हुए विद्यालयों में स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।