जबरिया शादी कराने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
जबरिया शादी कराने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा में बेची गई थी पीड़िता
बांदा। थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने जबरिया शादी और मानव तस्करी से जुड़े एक गंभीर प्रकरण में कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त कृष्ण कुमार के सहयोगी बलराम पुत्र राजेंद्र, निवासी ग्राम बडोकी, थाना हसनपुर, पलवल (हरियाणा) को पुलिस लाइन के पीछे मोर्चरी के पास से दबोच लिया।
यह मामला 22 नवंबर को उस समय सामने आया था, जब जनपद चित्रकूट की एक महिला ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी मां मुन्नी और भाई जयनारायण उसे बहला-फुसलाकर बांदा लाए और 1 लाख 38 हजार रुपये में हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम को बेच दिया। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी गई, जबकि वह पहले से शादीशुदा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, पीड़िता के बयान और अन्य प्रमाणों के आधार पर पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी क्रम में मिली मुखबिर सूचना पर आरोपी के सहयोगी बलराम को गिरफ्तार किया गया, जो पीड़िता की खरीद-फरोख्त और जबरन विवाह कराने में मुख्य भूमिका निभा रहा था। पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और जबरिया शादी में शामिल पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। मामले में शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियाँ होने की संभावना है।