बांदा न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बांदा
🚨 Breaking News | बांदा

कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया प्रियंका गांधी का जन्मदिवस : केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

बांदा | 13-Jan-2026 09:06 AM | 65 |
बांदा
केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेसियों ने धूमधाम से मनाया प्रियंका गांधी का जन्मदिवस
केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
बांदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्टेशन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने की।
इस अवसर पर केक काटकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और प्रियंका गांधी के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस की 100 दिन की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संविधान संवाद महापंचायत, मनरेगा बचाओ संग्राम, एसआईआर, सेवा व बलिदान के 140 वर्ष तथा वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत और एमएलसी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट की।
प्रदीप जैन आदित्य ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से संचालित मनरेगा योजना के स्वरूप में बदलाव कर ग्रामीण अंचलों में रहने वाले गरीब मजदूरों से उनका रोजगार छीना जा रहा है, जबकि कांग्रेस शासनकाल में अधिनियम बनाकर 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई थी।
उन्होंने एसआईआर मुद्दे पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यह पता लगाएं कि किन परिस्थितियों में नाम हटाए गए हैं और फॉर्म-6 भरवाकर मतदाताओं के नाम पुनः जुड़वाने का कार्य करें।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्पष्ट निर्देश हैं कि वर्ष 2026 में होने वाले ग्राम पंचायत और एमएलसी चुनावों में कांग्रेस बिना किसी गठबंधन के पूरी ताकत के साथ अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी उन्हीं प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी जिनकी छवि स्वच्छ और ईमानदार होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही रमाबाई मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में कांग्रेसजन भाग लेंगे।
कार्यक्रम में चित्रकूट जिलाध्यक्ष कुशल पटेल, महोबा जिलाध्यक्ष संतोष धुरिया, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान, शहर अध्यक्ष अफसाना शाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.