PHM NEWS

बागेश्वर धाम सरकार के आगमन पर निकली भव्य कलश यात्रा

प्रकाशित: 15 Jan 2026

बागेश्वर धाम सरकार के आगमन पर निकली भव्य कलश यात्रा, नगर में भक्तिमय वातावरण
बांदा।जनपद की पावन धरा पर बागेश्वर धाम सरकार के मंगल आगमन के साथ ही संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और अध्यात्म की अनुपम छटा बिखर गई। श्री बालाजी की असीम कृपा से आयोजित भव्य हनुमंत कथा महोत्सव के प्रथम चरण में गुरुवार को नगर में ऐतिहासिक और विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसने जनमानस को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। यह कलश यात्रा बांदा के धार्मिक इतिहास में आस्था और विश्वास का नया अध्याय बनकर उभरी।
कलश यात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान से हुआ। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात यात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। यात्रा बाकरगंज, पद्माकर चौराहा, बलखंडी नाका, महेश्वरी देवी चौराहा एवं अमर टाकीज चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी। मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया।नगर के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों एवं व्यापारियों ने जगह-जगह कलश यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान हजारों माताओं-बहनों ने सिर पर मंगल कलश धारण कर नगर की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। भगवा ध्वजों, भक्ति संगीत और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
विशाल जनसैलाब नगर भ्रमण करते हुए अंततः राइफल क्लब मैदान पहुँचा, जहां विधिवत कलश यात्रा का समापन किया गया। यात्रा की पूर्णता के पश्चात राइफल क्लब मैदान में श्री बालाजी की कृपा से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।
मुख्य आयोजक प्रवीण सिंह ने बताया कि बांदा की धरती पर पूज्य बागेश्वर धाम सरकार का आगमन दिव्य चेतना का संचार है और हनुमंत कथा के माध्यम से जनपद में सनातन संस्कृति का पुनः जागरण हो रहा है। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
आयोजक मंडल ने जानकारी दी कि अब 16 जनवरी से 20 जनवरी तक मवई बाईपास स्थित कथा स्थल पर परम पूज्य बागेश्वर धाम सरकार के श्रीमुख से पांच दिवसीय दिव्य हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विशाल पंडाल, सुरक्षा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजकों ने समस्त जनपदवासियों से इस पावन कथा में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।