PHM NEWS

वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाएः आयुक्त

प्रकाशित: 23 Nov 2025

वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाया जाएः आयुक्त आयुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक

बांदा।आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में मंडल के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, सीएमओ, सीएमएस, एसीएमओ, डीआईओ, मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, जनपदीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अधिकारी तथा डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ जैसी डेवलपमेंट पार्टनर एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का संचालन मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक आलोक कुमार ने किया।

आयुक्त ने मंडल के चिकित्सा विभाग की बेहतर होती रैंकिंग और कार्यप्रणाली पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बांदा और चित्रकूट में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब शीघ्र प्रारम्भ कराने तथा महोबा और हमीरपुर में मानक अनुरूप सभी जांचें संचालित कराने के निर्देश दिए। हमीरपुर जिला अस्पताल में ब्लड कम्पोनेंट सेपरेशन यूनिट अब तक प्रारम्भ न होने पर सीएमएस को तत्काल लाइसेंस प्राप्त कर यूनिट चालू करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने मंडल, जनपद और ब्लॉक स्तरीय पर्यवेक्षकों को प्रतिमाह निरीक्षण कर चेकलिस्ट अपडेट करने और चिन्हित गैप पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। परिवार नियोजन कार्यक्रम में पुरुष नसबंदी बढ़ाने के लिए 21 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले पखवाड़े को व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ गुणवत्तापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन इंडीकेटर्स पर प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनमें अगले महीने तक सुधार अवश्य दिखना चाहिए। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकें।

उन्होंने वीएचएनडी सत्र नियमित रूप से समय पर आयोजित कराने, आशाओं द्वारा गुणवत्तापूर्ण मोबलाइजेशन सुनिश्चित करने, तथा ई-संजीवनी पोर्टल के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन समय पर भुगतान करने के निर्देश भी दिए गए।

मरीजों की सुविधाओं को सर्वोपरि बताते हुए आयुक्त ने अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण प्रणाली अपनाने पर बल दिया, ताकि ओपीडी पर्चे हेतु लगने वाली लंबी लाइनों से निजात मिल सके। डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति, रोगियों से शालीन व्यवहार और सेवाओं की सुगमता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कोविड स्टाफ समायोजन, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष चिकित्सकों के वॉक-इन इंटरव्यू, एनएचएम की वित्तीय उपलब्धि, आशा/आशा संगिनी चयन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्रियाशीलता, एनसीडी स्क्रीनिंग, मातृ स्वास्थ्य के 11 इंडिकेटर, नियमित टीकाकरण, कायाकल्प/एनक्यूएएस, राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, एनबीएसयू, 14 दिसंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान तथा 2026–27 की जनपदीय कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई।