Banda-News-In-Hindi : एबीवीपी ने प्रवेश प्रक्रिया की अव्यवस्थाओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
बांदा, 10 सितंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बांदा इकाई ने सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी अव्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। परिषद ने प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों को आ रही कठिनाइयों पर गंभीर चिंता जताई और शीघ्र समाधान की मांग की।
एबीवीपी नगर मंत्री श्लोक ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में छात्रों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि प्रवेश में लगे शिक्षकों और कर्मचारियों की जानकारी छात्रों को उपलब्ध नहीं है। ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षकों व कर्मचारियों के नाम, मोबाइल नंबर और कॉलेज में उपस्थित रहने का समय सार्वजनिक किया जाए। यह जानकारी कॉलेज परिसर और फीस जमा करने वाले काउंटरों पर चस्पा की जाए ताकि छात्रों को सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही परिषद ने कॉलेज में छात्रों के बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर दिया। ज्ञापन में मांग की गई कि मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की जाए, जिससे अनावश्यक भीड़भाड़ और अव्यवस्था पर नियंत्रण हो सके।
एबीवीपी ने यह भी कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए एक विशेष समिति का गठन होना चाहिए। इसके अलावा, शैक्षणिक अभिलेखों की जांच और हस्ताक्षर करने वाले शिक्षकों की उपस्थिति का समय भी सुनिश्चित करने की मांग की गई।
परिषद पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।