मशीन खराब होने से किसानों को नहीं मिल सकी खाद
जसपुरा। विकासखंड क्षेत्र के चंदवारा गांव स्थित साधन सहकारी समिति में सोमवार को डीएपी खाद वितरण के दौरान किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से लाइन में लगे किसानों को मशीन खराब होने के चलते खाद नहीं मिल सकी। निराश होकर कई किसान खाली हाथ ही घर लौटने को मजबूर हो गए।
खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने समिति परिसर में हंगामा भी किया। किसानों का आरोप है कि समिति के कर्मचारी भेदभावपूर्ण तरीके से कुछ लोगों को अधिक मात्रा में खाद दे रहे हैं, जबकि आम किसानों को दो बोरी तक नहीं मिल पा रही।
नेताओं ने भी उठाई आवाजसपा नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में सचिव और अध्यक्ष दोनों की मौजूदगी जरूरी है, लेकिन अध्यक्ष केवल अपने चहेतों को खाद दिलाकर चले गए और सचिव नदारद रहे। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों से शिकायत करने पर जवाब मिला कि मशीन खराब है, जब दुरुस्त होगी तब वितरण शुरू किया जाएगा।
इसी तरह भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश बाजपेयी ने भी क्षेत्र में खाद की किल्लत को लेकर राज्य मंत्री व जिले के आला अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित की बात करने वाली सरकार में आज किसान सिर्फ लाइनों में खड़े होकर अपना समय गंवा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पा रही।