पत्रकारों के चुनाव में रानू बने अध्यक्ष
पत्रकारों के चुनाव में रानू बने अध्यक्ष द प्रेस ट्रस्ट ऑफ बुंदेलखंड ने कराया पहली बार चुनाव
बांदा। जनपद में पहली बार पत्रकारों के बीच निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत द प्रेस ट्रस्ट ऑफ बुंदेलखंड के अधीन चुनाव संपन्न हुए। इस ऐतिहासिक चुनाव में अनवर रज़ा उर्फ रानू ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए रानू और दीपक पांडेय के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतदान में कुल 186 पत्रकारों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 4 मत अमान्य घोषित किए गए। परिणामस्वरूप रानू को 101 और दीपक पांडेय को 81 मत प्राप्त हुए। इस तरह रानू 20 मतों के अंतर से विजयी घोषित हुए। मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष पद पर खबर लहरिया की प्रधान संपादक कविता निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर त्रियुगी नारायण और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अरबाज़ खान का चयन निर्विरोध हुआ। कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी भी सर्वसम्मति से चुने गए। परिणाम घोषित होने के बाद मंगलवार देर शाम पत्रकारों ने ढोल-ताशों के साथ विजयी जुलूस निकाला। जुलूस संकटमोचन मंदिर से होकर अशोक लाट चौराहा और स्टेशन रोड तक पहुंचा। इस दौरान पत्रकारों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। पत्रकारों ने कहा कि जनपद में पहली बार निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराए गए हैं। वहीं, निर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि अब किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी पत्रकार पर फर्जी मुकदमे या दबाव बनाए गए तो संगठन मुंहतोड़ जवाब देगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया का संचालन शिवम सिंह ने किया। चुनाव एवं जुलूस के दौरान राजेश पांडेय, अरविंद सिंह गौतम, राजू त्रिपाठी, शिवम तिवारी, इकबाल खान, आशीष सागर सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।