PHM NEWS

बांदा: डीआईजी राजेश एस ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी, निस्तारण का आश्वासन

प्रकाशित: 06 Aug 2025

बांदा, उत्तर प्रदेश।
चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी राजेश एस की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान द्वारा एक विशेष सम्मेलन का आयोजन पुलिस लाइन सभागार बांदा में किया गया। इस कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न जिलों से आए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

डीआईजी राजेश एस ने सभी पेंशनरों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि उनके मुद्दों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद पेंशनरों की सक्रिय भागीदारी प्रेरणादायक है और यह उनकी संगठन के प्रति आस्था को दर्शाता है।

पुलिस अधीक्षक पलास बंसल ने पेंशनरों को जानकारी दी कि पुलिस लाइन में स्थित पेंशनर कार्यालय को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि वहां कंप्यूटर और ऑपरेटर की नियुक्ति शीघ्र की जाएगी ताकि पेंशनरों को बेहतर सेवा मिल सके।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी और उन्हें सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी पियूष पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि पांडेय, एकाउंटेंट सीमा सहित मंडल के सभी जनपदों से आए पदाधिकारी और पेंशनर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पेंशनरों ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसे संवाद कायम रहेंगे, जिससे उनके सवालों का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा।