समाज में महिलाओं को समान सम्मान मिलना चाहिएः डीआईजी
बांदा। मिशन शक्ति फेस-5 के अंतर्गत सोमवार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज सभागार में शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस. ने छात्राओं और महिलाओं से कहा कि यदि कोई उन्हें परेशान करता है तो वे तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को समान सम्मान मिलना चाहिए और प्रत्येक महिला को ऊँचे विचारों व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
जिलाधिकारी जे. रीभा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के लिए स्वयं जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से निर्भर नहीं रहना चाहिए। वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, स्किल डेवलपमेंट और स्वयं सहायता समूहों के जरिए स्वरोजगार अपनाएँ।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि मिशन शक्ति समाज में मानसिकता बदलने का अभियान है। महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच लाना सबसे जरूरी है। उन्होंने बालिकाओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता से खुलकर विचार और समस्याएं साझा करें, ताकि किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन कर छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान रक्षा मिश्रा ने महिला सशक्तिकरण पर भाषण दिया, स्नेहा ने नाटक प्रस्तुत किया और आकांक्षा ने महिलाओं के उत्थान व विकास पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक मेविश टॉक, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रचना भारती ने किया। अंत में महिला पुलिसकर्मियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।