PHM NEWS

बालू ट्रक चालक पर अज्ञात बदमाशों की फायरिंग

प्रकाशित: 04 Dec 2025

बालू ट्रक चालक पर अज्ञात बदमाशों की फायरिंग, जान बचाकर भागा चालक
थाना पैलानी में तहरीर दी

बांदा। जनपद कुशीनगर के एक ट्रक चालक ने पैलानी थाने में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग व मारपीट की गंभीर घटना की जानकारी दी है। पीड़ित चालक के मुताबिक घटना बीती रात बालू लेकर लौटते समय जसपुरा क्षेत्र में हुई।

भगवानपुरा, जनपद कुशीनगर निवासी वासुदेव पुत्र जगन्नाथ ने बताया कि वह ट्रक चालक है। बीती रात तकरीबन 12 बजे जसपुरा स्थित डंप से बालू भरकर सिंधन कलां की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तुर्रा नाले के पास पहुंचा, अचानक एक शराबी व्यक्ति ट्रक के सामने आ गया, जिससे उसे वाहन रोकना पड़ा।

ट्रक रुकते ही 8–10 अज्ञात बदमाश वहां आ धमके और चालक पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में ट्रक के शीशे टूट गए। बदमाशों ने फरसे से हमला करने की भी कोशिश की। वासुदेव ने किसी तरह खिड़की खोलकर भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान उसकी जेब में रखे चार हजार रुपये भी गिर गए

भागने के बाद पीड़ित ने पास में मौजूद जिला परिषद बैरियर के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद खदान के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

चालक ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
अपर एसपी शिवराज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, हमलावरों की तलाश की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।