पुलिस अधीक्षक ने थाना पैलानी का किया वार्षिक निरीक्षण
बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शनिवार को थाना पैलानी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों, मिशन शक्ति केंद्र, शस्त्रागार, आपात स्थिति से निपटने वाले उपकरणों तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने प्रभारी निरीक्षक से थाना क्षेत्र में अपराधों के ग्राफ की जानकारी ली और निर्देशित किया कि ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएँ जहाँ रात्रि के समय आपराधिक घटनाएं अधिक होती हैं। ऐसे स्थानों पर पुलिस बल को निरंतर गश्त एवं भ्रमणशील रहने के लिए कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सभी पुलिसकर्मियों से उपलब्ध शस्त्रों के रख-रखाव व उपयोगिता की समीक्षा की गई। मिशन शक्ति की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए एसपी ने महिलाओं एवं छात्राओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और स्कूलों, कॉलेजों व बाजारों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, शील्ड आदि उपकरणों की उपलब्धता और स्थिति की भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही आरक्षी गणों के रहने वाले स्थानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।
एसपी ने थाना परिसर में वर्षों से खड़े निष्प्रयोज्य वाहनों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए भी निर्देश दिए। अपराध समीक्षा के दौरान उन्होंने वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, तथा प्रार्थना पत्रों की तुरंत जांच कर कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और कंप्यूटर कक्ष का भी गहन अवलोकन किया। प्रभारी निरीक्षक को थाने में नियमित सैनिक सम्मेलन कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराने और साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर, थाना प्रभारी पैलानी राजेश वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।