PHM NEWS

यातायात सुरक्षा जागरूकता माह का हुआ शुभारंभ

प्रकाशित: 02 Nov 2025

 

यातायात सुरक्षा जागरूकता माह का हुआ शुभारंभ

- पूरे नवम्बर माह तक चलेगा जागरूकता अभियान
- हेलमेट वितरण और रैली के माध्यम से दिया गया सुरक्षा संदेश

बांदा। शासन की मंशा के अनुरूप सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “यातायात सुरक्षा जागरूकता माह - नवम्बर 2025” का शुभारंभ शनिवार को किया गया।

शहर के खूंटी तिराहा रामलीला मैदान से आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. ने अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी यातायात मेविस टाक के नेतृत्व में जागरूकता अभियान का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया गया। पूरे माह के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत लोगों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन न चलाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, ओवर स्पीड से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने और अपनी लेन में वाहन चलाने जैसे नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर बिना हेलमेट लगाए दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए, वहीं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने यातायात जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को सुरक्षा का संदेश दिया।

आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह यातायात नियमों का पालन कर एक सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दे।”
वहीं डीआईजी राजेश एस. ने कहा कि “जैसे खिलाड़ी खेलते समय हेलमेट पहनकर दुर्घटना से बचते हैं, वैसे ही वाहन चलाते समय हेलमेट सिर को गंभीर चोट से बचाता है।”

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष लगभग दो लाख से अधिक लोगों की दुखद मृत्यु हो जाती है। इसलिए सभी को मिलकर नियमों का पालन करते हुए सड़कों को सुरक्षित बनाना होगा। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी पीयूष कुमार पांडेय, पीटीओ रामसुमेर यादव, एआरएम मुकेश बाबू, यातायात प्रभारी संजय कुमार मिश्रा, यातायात मास्टर ट्रेनर पीयूष मिश्रा, तथा यातायात जागरूकता समिति के सदस्य सुनील सक्सेना सहित कई अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।