उज्ज्वला योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न
उज्ज्वला योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न
– ई-केवाईसी अनिवार्य, डिजिटल बुकिंग व सुरक्षा मानकों पर दिया गया जोर, नए कनेक्शन भी जल्द
बांदा। अतर्रा रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में शुक्रवार को उज्ज्वला योजना के प्रभावी संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एलपीजी सेल्स मैनेजर अश्वनी कुमार ने की, जिसमें बांदा व चित्रकूट जनपदों की कुल 39 गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में मैनेजर ने ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य बताते हुए कहा कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द इसके लिए प्रेरित किया जाए, ताकि फ्री रिफिल जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही उन्होंने बताया कि नई उज्ज्वला योजना के तहत सरकार द्वारा नए कनेक्शन जारी किए जाएंगे, जिसके लिए लाभार्थियों से केवाईसी फॉर्म भरवाकर दस्तावेजी कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए।
एलपीजी सेल्स मैनेजर ने सभी वितरकों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों को डिजिटल बुकिंग और डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी।
दिवाली पर विशेष सतर्कता की अपील
त्योहारों के मद्देनज़र रसोई गैस सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। मैनेजर अश्वनी कुमार ने वितरकों से कहा कि 5 वर्ष से अधिक पुराने एलपीजी होज़ पाइप को अधिकृत एजेंसी से ही मानक सुरक्षा पाइप से बदलवाने की सलाह उपभोक्ताओं को दें, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।
बैठक में रावेंद्र शर्मा (आराधना गैस एजेंसी बांदा), जमुना प्रसाद (बबेरु), हिर्देश (तिंदवारी), तोप सिंह (स्तुति गैस एजेंसी जसपुरा), श्रवण कुमार गुप्ता (अतर्रा), धीरज, बल्देव वर्मा, आशीष शुक्ला (गिरवा), रवि (कर्वी), प्रकाश सिंह (सिंधन), देवेंद्र सिंह (बड़ागांव), राशिद खान (कोर्रही), समीर सिंह सहित अनेक वितरक मौजूद रहे।
बैठक के अंत में अश्वनी कुमार ने सभी वितरकों से ईमानदारी, पारदर्शिता और सजगता के साथ योजना क्रियान्वयन की अपील करते हुए कहा कि योजना का सही संचालन ही जरूरतमंद परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाएगा।