PHM NEWS

युवती ने प्रेम विवाह के बाद परिजनों पर धमकी का आरोप लगाते हुए मांगी सुरक्षा

प्रकाशित: 08 Mar 2026

जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने प्रेम विवाह के बाद अपने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। युवती ने आरोप लगाया है कि उसके परिजन उसको व पति को लगातार धमकी दे रहे हैं। 
             जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र की निवासी एक युवती ने बताया की उसने 17 सितंबर 2025 को बुलंदशहर निवासी एक युवक से अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया था। युवती के अनुसार वह बालिक है, वहीं उसका आरोप है कि उसके परिजन इस प्रेम विवाह से खुश नहीं है और तभी से उसे तथा पति को परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक की परिजन व रिश्तेदार आए दिन मारपीट और गोली करने की धमकी देते हैं, जिसकी मोबाइल फोन पर धमकाते हुए की कॉल रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। युवती का कहना है कि उसने पहले थाना पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते उसने अपनी सुरक्षा के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। उच्च न्यायालय ने इस मामले में आदेश जारी करते हुए सुरक्षा के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए उसे वह उसके पति और ससुराल पक्ष को सुरक्षा प्रदान की जाए साथ ही धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जिससे वह अपना सुरक्षित वैवाहिक जीवन जी सके। वहीं कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।