बहु पर ससुर और जेठानी के साथ बर्बरता का आरोप
जहांगीराबाद। नगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक 72 वर्षीय वृद्ध ने अपनी छोटी पुत्रवधू और उसके साथियों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पीड़ित मुकेश कुमार राठौर (72 वर्ष) के अनुसार, पहली घटना 23 मार्च 2026 की दोपहर को घटित हुई। जब वह नगर के डाकघर में पैसे जमा करने गए थे, तभी उनके दिवंगत पुत्र अंकित कुमार की पत्नी विनीता अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि तीनों ने मिलकर वृद्ध को जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों व लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। मुकेश कुमार का कहना है कि विनीता ने उनका गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की। हमले में वृद्ध का कंधा टूट गया। शोर सुनकर जब राहगीर इकट्ठा हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में घायल मुकेश कुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया। हमले का सिलसिला यहीं नहीं थमा। पीड़ित के अनुसार, 26 मार्च 2026 की शाम को विनीता अपने साथियों के साथ जबरन मुकेश कुमार के घर में घुस आई। वहां आरोपियों ने मुकेश कुमार और उनकी बड़ी पुत्रवधू के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियारों से हमला किया। इस दूसरी घटना में वृद्ध और उनकी बड़ी बहू दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें फिर से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के संबंध में जहांगीराबाद कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जाँच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।