PHM NEWS

राकेश टिकैत की गिरफ्तारी से आक्रोश, किसानों ने किया कोतवाली का घेराव

प्रकाशित: 31 Mar 2026

जहांगीराबाद। ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उबाल आ गया है। इस गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार देर शाम जहांगीराबाद कोतवाली पर किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर का घेराव कर घंटों तक उग्र प्रदर्शन किया और धरना दिया।​गिरफ्तारी से भड़के किसान देर शाम भारी संख्या में जहांगीराबाद कोतवाली पहुंचे। यहाँ किसानों ने ओडिशा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि सरकारें पुलिस के दम पर किसानों की आवाज को दबाना चाहती हैं। उन्होंने टिकैत की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और पुलिस की दमनकारी नीति करार दिया।​ ​धरने का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि राकेश टिकैत को ससम्मान और तत्काल रिहा नहीं किया गया, तो यह आंदोलन केवल थानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर फैलाया जाएगा। कोतवाली पर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने किसानों से शांति वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसान अपनी मांग पर अड़े हुए थे और कोतवाली परिसर में भारी पुलिस बल के बीच किसानों का धरना और नारेबाजी जारी थी। ​धरना प्रदर्शन में ​सुरेंद्र पहलवान,​ कुंवरपाल प्रधान, ​रिंकू सिंह, ​संजू गहना, दिनेश प्रधान, ​डिम्पी चौधरी गहना, ​अजीत चौधरी (राधे) एवं संजय सहित अन्य भाकियू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे नेताओं को गिरफ्तार करना लोकतंत्र की हत्या है। जब तक उनकी रिहाई नहीं होती, हमारा विरोध जारी रहेगा।

 प्रदर्शनकारी किसान नेता