बुलंदशहर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बुलंदशहर
🚨 Breaking News | बुलंदशहर

बदहाल सड़क से नाराज वार्ड 8 के लोगों ने किया चुनाव बहिष्कार का ऐलान : रोड नहीं तो वोट नहीं

बुलंदशहर | 13-Jan-2026 05:51 AM | 500 |
बुलंदशहर
रोड नहीं तो वोट नहीं

जहांगीराबाद। आगामी चुनावों की सुगबुगाहट के बीच वार्ड संख्या 8 के निवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले कई वर्षों से सड़क की जर्जर हालत और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे लोगों ने इस बार स्पष्ट संदेश दिया है— रोड नहीं तो वोट नहीं। स्थानीय लोगों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए इस बार चुनाव प्रक्रिया का पूर्ण बहिष्कार करने की घोषणा की है। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला पाठक वार्ड नंबर 8 स्थित शुभकामना बारात घर वाली गली के लोगों ने मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने पर कड़ा रुख अपनाते हुए चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। 

वार्ड वासियों का कहना है कि गली की सड़क लम्बे समय से बेहद जर्जर हालत में है, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद आज तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में  जलभराव से हालात और भी बद से बदतर हो जाते हैं। सामान्य दिनों में भी गड्ढों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है। 

नाराज वार्ड वासियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क का निर्माण नहीं किया गया, तो वे आगामी चुनावों में मतदान नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है। वहीं अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था। इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाएगा। इस मौके पर दीपांशु सैनी ,योगेश सैनी, सोनू चौधरी ,बालू सैनी ,अंकित कुमार ,राहुल सैनी ,पुनीत सैनी, उमेश कंसल ,मोहित सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.