नवीन अनाज मंडी की नवनिर्मित सड़क में एक महीने में ही आईं दरारें -
जहांगीराबाद। विकास कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। नगर की नवीन अनाज मंडी में हाल ही में बनाई गई सड़क निर्माण के महज एक महीने के भीतर ही दरारें देने लगी है। सड़क पर जगह-जगह बड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिसे लेकर किसानों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मंडी में लाखों की लागत से बनी सड़क का हाल यह है कि उसकी गिट्टियां अभी से उखड़ने लगी हैं। मंडी व्यापारियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मानक का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया और ठेकेदार ने घटिया सामग्री का प्रयोग किया है। सड़क की बदहाली को देख भाजपा नेता व मंडी व्यापारी रिंकू राणा ने अपने मंडी व्यापारियों के साथ मंडी परिसर का दौरा किया। सड़क की स्थिति देख उन्होंने मौके पर ही गहरा रोष व्यक्त किया। सड़क की स्थिति को देख सभी मंडी व्यापारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार का पैसा जनता की सुविधा के लिए है, ठेकेदारों की जेब भरने के लिए नहीं। सड़क निर्माण में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ठेकेदार ने तुरंत सड़क को मानक के अनुसार दुरुस्त नहीं किया, तो उसके खिलाफ उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी और उसे ब्लैकलिस्ट करवाया जाएगा। वहीं मंडी में आने वाले किसानों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि मंडी में आने वाले सीजन में जब अनाज से लदे भारी ट्रैक्टर-ट्रॉली यहाँ से गुजरेंगे, तो यह सड़क पूरी तरह नष्ट हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।