PHM NEWS

पूर्व सभासद ने पालिकाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी

प्रकाशित: 21 Jan 2026

जहांगीराबाद। ​नगर पालिका परिषद के मौजूदा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक पूर्व सभासद के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार वर्तमान पालिकाध्यक्ष किशनपाल लोधी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि एक पूर्व सभासद नीरज लोधी ( शॉर्टमेन ) सोशल मीडिया (फेसबुक ) पर उनके खिलाफ बेहद अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहा है। ​आरोप है कि पूर्व सभासद ने न केवल उनके सार्वजनिक व्यक्तित्व को ठेस पहुंचाई, बल्कि बाजार में लोगों से अपनी बातों के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से नगर के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। ​पालिकाध्यक्ष की शिकायत और सोशल मीडिया पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पूर्व सभासद के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं आरोपी पूर्व सभासद नीरज लोधी का कहना है कि उन्होंने फेसबुक पर किसी का भी नाम लेकर कोई भी टिप्पणी नहीं की है। मुझपर लगाये गए सभी आरोप निराधार हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया की पालिकाध्यक्ष की ओर से शिकायत मिली थी, जिसके साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।