बुलंदशहर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बुलंदशहर
🚨 Breaking News | बुलंदशहर

नवीन अनाज मंडी में गंदगी का अंबार, व्यापारियों का फूटा गुस्सा : शुक्रवार को सब्जी मंडी बंद रखने का ऐलान

बुलंदशहर | 12-Mar-2026 06:43 PM | 500 |
बुलंदशहर
शुक्रवार को सब्जी मंडी बंद रखने का ऐलान

जहांगीराबाद। नगर की नवीन अनाज मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और गंदगी को लेकर व्यापारियों का धैर्य जवाब दे गया है। लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार को सब्जी मंडी पूर्णतः बंद रखने का बड़ा ऐलान किया है। ​मंडी व्यापारियों और आढ़तियों का कहना है कि मंडी परिसर वर्तमान में बदहाली का शिकार है। मंडी परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध ने व्यापारियों और किसानों का बैठना दूभर कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच मंडी में पीने के साफ पानी की कोई सुचारू व्यवस्था नहीं है। मंडी शुल्क देने के बावजूद व्यापारियों को वे सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिनका वादा प्रशासन द्वारा किया जाता है। ​गुरुवार को मंडी परिसर में प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने एक सुर में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। जलभराव और सड़ते हुए कचरे के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। मंडी प्रशासन सिर्फ टैक्स वसूली में रुचि रखता है, व्यापारियों की समस्याओं से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। जब तक साफ-सफाई और पानी की समस्या हल नहीं होती, हमारा विरोध जारी रहेगा। ​विरोध स्वरूप व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि शुक्रवार को सब्जी मंडी में किसी भी प्रकार का कारोबार नहीं होगा। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.