पालिका में उत्साह के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह
जहांगीराबाद। रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में सोमवार को जहांगीराबाद नगर पालिका परिषद कार्यालय में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष किशनपाल लोधी और अधिशासी अधिकारी मणिजी सैनी ने समस्त सभासदों एवं पालिका कर्मचारियों के साथ मिलकर रंग-गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी। आयोजित होली समारोह की शुरुआत में चेयरमैन किशनपाल लोधी ने सभी को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि हमारे आपसी भेदभाव को भुलाकर प्रेम और सौहार्द की डोर को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने शहर के विकास के लिए सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिशासी अधिकारी मणिजी सैनी ने भी कर्मचारियों के साथ जमकर होली खेली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभाग के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और टीम वर्क की भावना बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान पालिका परिसर पूरी तरह से अबीर-गुलाल के रंगों से सराबोर नजर आया। कर्मचारियों ने पारंपरिक होली गीतों पर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस रंगारंग कार्यक्रम में मनोज शास्त्री, मनमोहन अग्रवाल, मनोज गुप्ता, धर्मपाल लोधी, मोहित चौधरी, रॉबिन चौधरी, ओम प्रकाश लोधी, संजय सैनी, कैलाश सैनी, आदेश शर्मा, हरीश सिसोदिया, गौरव लोधी, जगदीश सैनी, राजू लोधी, उद्यम सिंह, रितिन अग्रवाल, कपिल चौधरी और ललित चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित होली मनाने का संकल्प लिया और नगरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।