महाराजा अग्रसेन सेवा समिति ने पुरुषोत्तम मास में किया शीतल ठंडाई का वितरण
जहांगीराबाद। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर महाराजा अग्रसेन जन्मोत्सव सेवा समिति द्वारा समाज सेवा का अनूठा क्रम जारी है। इसी कड़ी में, प्रत्येक रविवार की भांति इस रविवार को भी महाराजा अग्रसेन चौक (सब्जी मंडी चौराहा) पर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बार प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं को बादाम युक्त शीतल ठंडाई वितरित की गई। भीषण गर्मी के बीच ठंडी और स्वादिष्ट ठंडाई पाकर राहगीरों और भक्तों के चेहरे खिल उठे और सभी ने इसे श्रद्धा व उत्साह के साथ ग्रहण किया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष किशनपाल लोधी और अजय कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने संयुक्त रूप से फीता काटकर और स्वयं प्रसाद वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने समिति के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। समिति के पदाधिकारी मनमोहन अग्रवाल ने जानकारी दी कि पुरुषोत्तम मास के पूरे महीने के दौरान हर रविवार को समिति विशेष प्रसाद वितरण कर रही है। अब तक लस्सी, केसर युक्त दूध और अन्य शीतल पेय पदार्थों का वितरण सफलतापूर्वक किया जा चुका है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, पुरुषोत्तम मास में दान पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। हम सभी का प्रयास है कि समाज में सेवा भावना का संचार हो और लोग बढ़-चढ़कर ऐसे पुनीत कार्यों में भाग लें।
इस पुण्य कार्य को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और समाज के गणमान्य नागरिकों ने सराहनीय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शशांक सिंघल, विष्णु ठेकेदार, मनमोहन अग्रवाल (सभासद), विवेक अग्रवाल, सुधीर गोयल, शानू बंसल, गोपाल स्वरूप, अजय गर्ग, सभासद ओम प्रकाश लोधी और सभासद संजय सैनी सहित संपूर्ण अग्रवाल समाज का विशेष सहयोग रहा। अंत में, समिति ने कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया और आगामी रविवारों में आयोजित होने वाले सेवा कार्यों में भी इसी प्रकार अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया।