संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
जहांगीराबाद। नगर के अहार बाईपास के निकट एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार की दोपहर विवाहिता की उपचार के दौरान मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी पति के साथ भी मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
जानकारी के अनुसार सुर्खरु निवासी वेदप्रकाश की पुत्री संगीता उम्र लगभग (30) वर्ष 2021 में जहांगीराबाद निवासी राहुल से शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही राहुल अक्सर शराब के नशे में राहुल संगीता के साथ मारपीट करता था। संगीता के भाई प्रभात ने बताया कि गुरुवार करीब दोपहर उन्हें सूचना मिली कि संगीता की तबियत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है। जहांगीराबाद पहुंचने से पहले ही उन्हें संगीता की मौत की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि गुरुवार को राहुल और संगीता के झगड़े के बाद उसकी तबियत खराब हो गई थी जिसके बाद उसे नगर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर उसकी बिगड़ती हालत को देख अस्पताल वालों ने तुरंत ही रेफर कर दिया। लेकिन मृतका ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना की जानकारी मायके वालों को दी तो वह भी मौके पर पहुच गए और लड़की की हालत देखकर मायके के लोगो ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के भाई प्रभात का कहना है कि सुसराल के लोग संगीता के साथ आए दिन मारपीट करते थे और दहेज के लिए उसे परेशान किया जाता था। मृतका के भाई ने राहुल सहित अन्य ससुरालजनों पर संगीता की हत्या करने की भी बात कही है। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया गया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए। वहीं कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर ली गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।