PHM NEWS

उप डाकघर के स्थानांतरण से फूटा खाता धारकों का गुस्सा, उप डाकपाल को बनाया बंधक

प्रकाशित: 20 Jan 2026

जहांगीराबाद। नगर के पुरानी अनाज मंडी स्थित उप डाकघर को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के निर्णय ने बीते दिन मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। प्रशासन के इस रवैये से नाराज खाताधारकों और स्थानीय लोगों ने न केवल डाकघर पर तालाबंदी की, बल्कि उप डाकपाल को घंटों तक कार्यालय से बाहर लाकर बंधक बनाए रखा।


जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद की पुरानी अनाज मंडी स्थित उप डाकघर कई दशकों से इसी भवन में संचालित हो रहा था। मंगलवार की सुबह जब खाताधारक अपने जमा-निकासी और अन्य कार्यों के लिए पहुँचे, तो उन्हें पता चला कि उप डाकघर को यहाँ से शिफ्ट किया जा रहा है और सारा सामान समेटा जा रहा है। 

खाता धारकों का आरोप है कि डाकघर को वर्तमान स्थान से काफी दूर किसी अन्य गाँव में ले जाया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी होगी। खाताधारकों का कहना है कि स्थानांतरण के संबंध में किसी भी प्रकार का कोई सार्वजनिक नोटिस जारी नहीं किया गया। ​आक्रोशित भीड़ ने सुबह करीब 11 बजे उप डाकपाल को कार्यालय से बाहर निकालकर उप डाकघर के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। गुस्साए खाता धारकों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि जब तक स्थानांतरण का आदेश रद्द नहीं होता, ताला नहीं खोला जाएगा। डाक विभाग के उच्च अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय की समीक्षा की जाएगी। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार्यालय का ताला खोला गया व उप डाकपाल को मुक्त कराया जा सका।


​स्थानीय खाताधारक का कहना है बिना बताए यहाँ से दफ्तर हटाया जा रहा है। हम अपनी मेहनत की कमाई और पेंशन के लिए इतनी दूर नहीं जा सकते।