PHM NEWS

पूर्व विधायक ने विभाग को दिया 8 दिन का अल्टीमेटम

प्रकाशित: 30 Apr 2026

जहांगीराबाद। स्मार्ट मीटरों की कथित मनमानी और बढ़ते बिजली बिलों के खिलाफ जहांगीराबाद की सड़कों पर गुरुवार को भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। गांधी चौक पर आयोजित इस धरने में उपभोक्ताओं का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ साफ नजर आया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक होशियार सिंह और कांग्रेस नेता अंबरीश वर्मा ने किया। धरना ​प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक होशियार सिंह ने बिजली विभाग को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर आज आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गए हैं। बिना ज्यादा खपत के भी बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग त्रस्त है। यदि 8 दिनों के भीतर इन मीटरों को हटाकर पुराने मीटर वापस नहीं लगाए गए, तो क्षेत्र में एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा।​वहीं, कांग्रेस नेता अंबरीश वर्मा ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में स्मार्ट मीटर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ हैं। उन्होंने केबल बदलने के कार्य को भी घटिया स्तर का बताया, जिसके कारण आए दिन केबल जलने की शिकायतें मिल रही हैं। ​इस प्रदर्शन की खास बात महिलाओं की भारी संख्या में भागीदारी रही, जिन्होंने घर के बजट पर पड़ते असर को लेकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के अंत में एक मांग-पत्र अधिशासी अभियंता सौरभ मिश्रा को सौंपा गया। अधिशासी अभियंता सौरभ मिश्रा ने प्रदर्शनकारियों की बात सुनी और आश्वासन दिया कि ​जनता की समस्याओं और मांगों से सरकार को अवगत कराया जाएगा।​ स्मार्ट मीटर से जुडी तकनीकी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। ​धरने में मुख्य रूप से सपा नगर अध्यक्ष हसीन सैफी, राजपाल लोधी, विनोद सैनी, रघुराज प्रताप सिंह, आशीष शर्मा, नरेंद्र पटेल, इंतजार पठान और चिराग अली सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।