PHM NEWS

नगर को मिली सीवर लाइन के लिए 12.73 करोड़ की बड़ी सौगात

प्रकाशित: 10 Jan 2026

जहांगीराबाद। नगर को शासन द्वारा 12 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से ट्रंक सीवर लाइन परियोजना की बड़ी सौगात मिली है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से नगरवासियों को लंबे समय से चली आ रही दूषित पानी की समस्या से राहत मिलेगी, वहीं बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव से भी निजात मिलेगी। क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा के प्रयासों से शासन ने नगर पालिका परिषद को ट्रंक सीवर लाइन परियोजना की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना का क्रियान्वयन जल निगम नगरीय बुलंदशहर द्वारा किया जा रहा है। परियोजना का टेंडर आंध्र प्रदेश की एक कंपनी को दिया गया है। योजना के अंतर्गत मुख्य बाजार सहित नगर के प्रमुख नालों को ट्रंक सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। दूषित पानी के शोधन के लिए डूंगरा गोशाला के पास 6 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाया जाएगा। सीवर लाइन के माध्यम से एकत्रित दूषित पानी को एसटीपी में शुद्ध कर आगे किसी बड़े नाले या नदी में छोड़ा जाएगा, जिससे नगर और नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव की समस्या से भी नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। भविष्य में नगर के अन्य क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाए जाने पर उन्हें भी इसी ट्रंक सीवर लाइन से जोड़ा जा सकेगा। जल निगम नगरीय बुलंदशहर के सहायक अभियंता (एई) विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि परियोजना का टेंडर हो चुका है और संबंधित कंपनी शीघ्र सर्वे कर अगले दो से तीन महीनों में कार्य प्रारंभ कर देगी। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) मणि जी सैनी ने कहा कि ट्रंक सीवर लाइन से नगरवासियों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के साथ-साथ जलभराव की समस्या से भी स्थायी समाधान मिलेगा।