विपिन राजौरा ने मारी बाजी, यूपीएससी में 538वीं रैंक हासिल कर किया नाम रोशन
जहांगीराबाद। एक पंक्ति है कि "हौसलों के तरकश में कोशिश का वो तीर जिंदा रख, हार जाए चाहे जिंदगी में सब कुछ, मगर फिर से जीतने की उम्मीद जिंदा रख।" जहांगीराबाद के निकटवर्ती गाँव डूंगरा जाट के निवासी विपिन राजौरा पुत्र राजेन्द्र चौधरी ने इन पंक्तियों को सच कर दिखाया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम परिणामों में विपिन राजौरा ने ऑल इंडिया 538वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। बता दें कि विपिन राजौरा जहांगीराबाद के निकटतम गांव डूंगरा जाट निवासी राजेंद्र चौधरी के सुपुत्र हैं। उनका एक साधारण कृषि ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता पाना उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। परिणाम घोषित होते ही जैसे ही विपिन के चयन की खबर गाँव डूंगरा जाट पहुँची तो वहाँ जश्न का माहौल बन गया। विपिन की इस अभूतपूर्व सफलता पर उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और ग्रामीणों ने विपिन और उनके पिता राजेंद्र चौधरी को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की।विपिन की यह सफलता क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। विपिन ने सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। विपिन की कामयाबी पर परिवार सहित पूरे गांव में हर्ष का माहौल है।