महिला ने सभासद पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एसएसपी से गुहार
जहांगीराबाद। नगर में एक सभासद द्वारा महिला का शारीरिक शोषण करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने अपने ही मकान मालिक और वर्तमान सभासद पर डरा धमकाकर जबरन दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि सभासद उसे लंबे समय से डरा-धमका कर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। पीड़िता महिला आरोपित सभासद के मकान में किराए पर रहती थी। महिला के अनुसार, सभासद ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए पहले उसे डराया-धमकाया और फिर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब महिला ने आरोप लगाया कि सभासद केवल खुद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने अपने दोस्तों के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने के लिए महिला पर अनैतिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर महिला को पति से तलाक और परिवार को नुकसान पहुँचाने की धमकी दी गई। पीड़ित महिला ने अंततः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जाँच के आदेश दिए हैं।
महिला की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जाँच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संजेश कुमार
प्रभारी निरीक्षक