PHM NEWS

शराब के नशे में युवक ने की आत्महत्या

प्रकाशित: 06 Feb 2026

जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला जटियान में एक युवक द्वारा शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामला सामने आया है। आत्महत्या का मामला गुरुवार का बताया जा है जिसका गुरुवार की देर रात अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक की पहचान नीतू पुत्र जगदेव (30 वर्ष) निवासी मोहल्ला जटियान के रूप में हुई है। नीतू मजदूरी कर अपने परिवार का पालन - पोषण करता था। नशे में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले ने शुक्रवार की सुबह तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया है कि मृतक के मोहल्ला जटियान का ही रहने वाला दामोदर बीते कई वर्षों से अवैध रूप से शराब बेच रहा है और युवकों को नशे की लत लगा रहा है। मृतक भी इसी अवैध शराब का आदी होकर लगातार सेवन करता था। परिजनों ने आगे आरोप लगाते हुए बताया कि अवैध शराब विक्रेता व उसके बेटे मृतक नीतू को लगातार प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान रहने लगा था और युवक को आत्महत्या जैसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। मृतक का अंतिम संस्कार करने के पश्चात् शुक्रवार की सुबह जब परिजन मोहल्लेवासियों के साथ शिकायत करने आरोपी दामोदर के घर पहुँचे तो दामोदर और उसके बेटों ने उन पर पथराव कर दिया जिसमे एक महिला घायल हो गयी। इसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नई बस्ती के सामने आहार-अनूपशहर बाईपास की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद मुख्य सडक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाम को खुलवाने का प्रयास करने लगी। कोतवाल संजेश कुमार व चौकी प्रभारी दीपक चाहर ने लोगों को समझाने-बुझाने का भरकर प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। घटना के कई घंटे बाद मौके पर पहुंचे सीओ अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करके आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही का भरोसा दिया जिसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दामोदर और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि यह प्रकरण क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और उससे जुड़ी सामाजिक समस्याओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जबकि जानकारी के अनुसार आरोपी दामोदर पर अवैध शराब बेचने के 18 मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं, इसके बावजूद वह हर बार पुलिस कार्रवाई से बचता रहा है।