PHM NEWS

शादी का कार्ड बना साइबर ठगी का नया हथियार

प्रकाशित: 27 Aug 2025

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के हिंगोली से साइबर ठगी का एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने अब "शादी का कार्ड" को धोखाधड़ी का नया तरीका बना लिया है। इस स्कैम का शिकार होकर दो लोग, जिनमें से एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल है, कुल 1 लाख 91 हजार रुपये गंवा बैठे।

कैसे चलता है ये स्कैम?

साइबर ठग व्हाट्सएप पर एक शादी का निमंत्रण कार्ड भेजते हैं। इस संदेश में आकर्षक पंक्तियाँ होती हैं—
“शादी में ज़रूर आइए...”
“प्रेम वह मास्टर Key है जो खुशियों के द्वार खोल देती है।”

इस संदेश के साथ एक APK फाइल अटैच होती है, जिसे शादी के कार्ड के रूप में दिखाया जाता है। जैसे ही पीड़ित इस फ़ाइल को डाउनलोड करता है, उसके फोन का डेटा हैक हो जाता है। ठग बैंक खातों तक पहुंचकर पैसे निकाल लेते हैं।

हिंगोली में एक सरकारी कर्मचारी ने जैसे ही इस फाइल को खोला, उसके खाते से 1.90 लाख रुपये उड़ गए। इसी तरह एक और व्यक्ति के खाते से भी रकम साफ हो गई।

जांच में जुटी पुलिस

शिकायत मिलने पर हिंगोली शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार यह स्कैम बेहद खतरनाक है क्योंकि यह लोगों की भावनाओं का फायदा उठाता है। वे चेतावनी देते हैं कि APK फाइल को कभी भी डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे न केवल बैंक खाते खाली हो सकते हैं बल्कि फोन का संवेदनशील डेटा भी चोरी हो सकता है।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सुरक्षा है।