अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़: बोलेरो
देवरिया में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़: बोलेरो से 172.8 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
देवरिया, 23 अप्रैल 2026। जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना खामपार पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल की सुबह संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने भिंगारी ओवरब्रिज के पास एक सिल्वर रंग की महिंद्रा बोलेरो को रोका। जांच में वाहन पर लगी नंबर प्लेट (UP57AC7085) फर्जी पाई गई।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब “ऑफिसर चॉइस” बरामद हुई। कुल 960 पाउच (प्रत्येक 180 एमएल) के हिसाब से यह लगभग 172.8 लीटर शराब है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,15,200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से रंजीत कुमार (40 वर्ष), निवासी पिपरा करौती, थाना उदाकिशुनगंज, जिला मधेपुरा (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। वाहन के अंदर से एक सही नंबर प्लेट (BR29Q3041) भी बरामद हुई, जिससे साफ है कि आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तस्करी कर रहा था।
इस मामले में थाना खामपार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाराम यादव, उपनिरीक्षक प्रियांशु कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल दीपक यादव की टीम शामिल रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।