शोले के ‘वीरू’ जैसा हाई-वोल्टेज ड्रामा
देवरिया (बघौचघाट):
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद में गांव के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। इस दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरा नजारा किसी फिल्मी दृश्य जैसा बन गया।
बताया जा रहा है कि गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही एक युवक से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन करीब एक वर्ष पहले युवक की शादी किसी अन्य युवती से हो गई। इसके बावजूद युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी हुई है।
मंगलवार दोपहर अचानक युवती गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और ऊपर से अपने प्रेमी का नाम लेकर उसे बुलाने लगी। वह बार-बार उससे शादी करने की मांग कर रही थी। युवती की इस हरकत को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते टॉवर के नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर बघौचघाट पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के परिवार के लोगों को भी बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस और परिजन उसे समझाने-बुझाने में लगे रहे। काफी मान-मनौव्वल के बाद युवती टॉवर से नीचे उतरने को राजी हुई।
नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती को समझाकर परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान गांव में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोग इस घटना को फिल्मी अंदाज में ‘शोले’ के मशहूर टंकी वाले दृश्य से जोड़कर देख रहे थे, जहां वीरू बसंती से शादी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ जाता है।