PHM NEWS

भटनी सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी में भारी अनियमितताएं उजागर

प्रकाशित: 21 Mar 2026

भटनी (देवरिया):
भटनी स्थित सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी पर उप जिला अधिकारी दिशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार तथा जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त जांच में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान एजेंसी के संचालन में कई बड़ी खामियां सामने आईं, जिससे आम उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

सूत्रों के अनुसार, उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर न मिलना, मनमानी वसूली, रजिस्टर में गड़बड़ी तथा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता की कमी जैसी कई शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर पहुंचकर गहन जांच की।

जांच के दौरान उप जिला अधिकारी दिशा श्रीवास्तव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकेत देते हुए कहा कि दोषियों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने भी अनियमितताओं को गंभीर बताते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते थे, फिर भी उन्हें समय पर सेवा नहीं मिलती थी। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा मनमाने तरीके से पैसे वसूले जाते हैं, जिससे वे काफी परेशान थे।

जांच के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि अब उन्हें राहत मिलेगी और एजेंसी की मनमानी पर रोक लगेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई है और अब सभी की निगाहें आगे होने वाली सख्त कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।