PHM NEWS

भटनी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क

प्रकाशित: 25 Apr 2026

भटनी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, युवक की मौके पर मौत
देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान अजय कुशवाहा (25 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय गुलाब कुशवाहा, निवासी पड़री तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय अपनी ससुराल से वापस घर लौट रहा था। तभी रास्ते में ईंट लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भटनी सरकारी अस्पताल पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था—परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह बनी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।