बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 234 लीटर अवैध शराब बरामद : युवक गिरफ्तार
देवरिया में बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 234 लीटर अवैध शराब बरामद, युवक गिरफ्तार
देवरिया। जनपद के खामपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चार पहिया वाहन से 234 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह तथा क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में खामपार पुलिस संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रविवार को भिंगारी ओवरब्रिज के पास एक मारुति सुजुकी कार (संख्या यूपी 53 जेड 2885) की तलाशी लेने पर उसमें 26 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में कुल 1170 पाउच "बंटी बबली" ब्रांड के मिले, जिनमें प्रत्येक पाउच 200 मिलीलीटर का है। कुल बरामद शराब की मात्रा 234 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 64,350 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शराब को बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन चालक राज गोड़ (20 वर्ष), निवासी कुकुरघाटी टोला, नंदपुर, थाना खामपार, जनपद देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना खामपार में मुकदमा अपराध संख्या 165/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बलराम सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल अम्ब्रेश राव गौतम तथा कांस्टेबल विवेक यादव, कृष्णदेव चौहान और दीपक कुमार शामिल रहे।