देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

देवरिया के बघौचघाट में जमीन बिक्री से आहत महिला ने की आत्महत्या : पुलिस जांच में जुटी

देवरिया | 18-Feb-2026 11:21 AM | 548 |
देवरिया
पुलिस जांच में जुटी

जमीन बिक्री से आहत महिला ने की आत्महत्या,जांच में जुटी पुलिस

बघौचघाट,देवरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिंदही में पति की नशा की लत और बार-बार जमीन बेचने से परेशान एक महिला ने मंगलवार को कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार बिंदही निवासी कुशमावती देवी उम्र 46 वर्ष अपने पति कृष्णा ठाकुर की नशे की आदत और खेत बेचने की प्रवृत्ति से लंबे समय से आहत थीं। पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि हाल ही में कृष्णा ठाकुर ने पत्नी को बिना बताए एक खेत का बैनामा कर दिया, जिससे कुशमावती देवी काफी क्षुब्ध थीं। इसी तनाव में उन्होंने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संकल्प राठौर और मदन मोहन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पुत्र निलेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि उनके पिता की जमीन गांव के कुछ लोगों ने नशे में खिला-पिलाकर अपने नाम बैनामा करा लिया। जब उनकी मां उक्त लोगों से पैसा मांगने गईं तो उन्हें डांटकर भगा दिया गया, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गईं और आत्मघाती कदम उठा लिया।
मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गई हैं। बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी पुत्री का विवाह अप्रैल माह में तय बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है ।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.