देर रात भलुअनी थाने पहुंचे डीएम, अभिलेखों का किया निरीक्षण
देवरिया,। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार देर रात करीब 10:40 बजे भलुअनी थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होने से आमजन का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा। जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर भी जोर दिया और पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी, सजगता एवं पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।