गैस गाड़ी मौजूद होने के बावजूद वितरण में
भटनी (देवरिया)। सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर वितरण को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी परिसर में गैस सिलेंडर की गाड़ी मौजूद होने के बावजूद लोगों को सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है।
गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों का कहना है कि कई दिनों से वे गैस के लिए परेशान हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। वहीं, गाड़ी खड़ी होने के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों ने एजेंसी पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाया।
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जल्द गैस वितरण शुरू करने की मांग की। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जानबूझकर सिलेंडर रोके जा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालक से बात कर जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी कारणों और सप्लाई में व्यवधान की वजह से देरी हुई है, लेकिन जल्द ही सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।