डीएम ने पीएचसी व बीडीओ कार्यालय बैतालपुर का किया औचक निरीक्षण
डीएम ने पीएचसी व बीडीओ कार्यालय बैतालपुर का किया औचक निरीक्षण, समयपालन व बेहतर सेवाओं के दिए निर्देश
देवरिया, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को बैतालपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यालयीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुबह करीब 9:15 बजे पीएचसी बैतालपुर पहुंचे जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। उन्होंने ओपीडी, प्रसव केंद्र, दवा वितरण कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहनी चाहिए और किसी भी मरीज को इलाज या दवा के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद करीब 10 बजे जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय बैतालपुर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका एवं विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।