भटनी में सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी बंद मिलने से
भटनी में सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी बंद मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश
भटनी (देवरिया)। भटनी नगर पंचायत में स्थित सुमित्रा इंडियन गैस एजेंसी शुक्रवार को निर्धारित समय पर नहीं खुलने से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसी के कार्यालय पर पहुंच गए थे, लेकिन कार्यालय बंद मिलने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सुबह से ही कई उपभोक्ता गैस सिलेंडर से संबंधित कार्यों के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे। लोग सुबह से लेकर लगभग 12 बजे दिन तक कार्यालय के बाहर बैठे रहे, लेकिन कार्यालय नहीं खुलने से उनकी परेशानी बढ़ती गई। लंबे इंतजार के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी की सेवाएं पहले से ही संतोषजनक नहीं हैं और समय पर कार्यालय नहीं खुलने से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी में उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।