देवरिया में 41 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, 89
देवरिया, 30 मार्च। जनपद में महिला एवं बाल विकास को सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर में आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया, जिसके क्रम में देवरिया जनपद में 41 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण तथा 3 परियोजना कार्यालयों सहित 89 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास संपन्न हुआ।
निदेशालय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जनपद में कुल 573 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 3 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित 576 लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने सलेमपुर एवं लार परियोजनाओं में, विधायक सदर शलभ मणि त्रिपाठी ने सदर एवं शहर परियोजना में, विधायक रुद्रपुर जय प्रकाश निषाद ने रुद्रपुर में, विधायक बरहज दीपक मिश्र ‘शाका’ ने बरहज एवं भागलपुर में तथा विधायक रामपुर कारखाना सुरेंद्र चौरसिया ने रामपुर व तरकुलवा परियोजनाओं में नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख गौरी बाजार द्वारा गौरी बाजार तथा प्रमुख भलुअनी छठ्ठू यादव द्वारा भलुअनी परियोजना में नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण से बच्चों, महिलाओं एवं कुपोषण मुक्ति अभियान को नई गति मिलेगी।