PHM NEWS

देवरिया में भी फैला नकली नोटों का जाल

प्रकाशित: 01 Apr 2026

देवरिया में भी फैला नकली नोटों का जाल, प्रयागराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई में खुलासा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में नकली नोटों के कारोबार का नेटवर्क अब तेजी से फैलता दिख रहा है। प्रयागराज के गंगानगर ज़ोन पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए देवरिया समेत कई जिलों में फैले इस रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में नकली करेंसी और नोट छापने का पूरा सेटअप बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के पास से कुल 1,18,300 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक कार, एक बाइक और नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रयागराज, वाराणसी और देवरिया सहित कई जिलों में नकली नोट खपाने का काम कर रहा था।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सरायइनायत थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार रात सहसों क्षेत्र में नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में भदोही, देवरिया और आसपास के क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि देवरिया में एक कमरे में नकली नोट छापने का काम किया जा रहा था। वहां से लैपटॉप, दो प्रिंटर, उच्च गुणवत्ता वाला पेपर, पांच मोबाइल फोन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के पास से 500 रुपये के 200 और 100 रुपये के 183 नकली नोट मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, देवरिया के गौरी खुर्द थाना गौरी बाजार निवासी विवेक यादव वार्ड नंबर 18 से निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है। देवरिया स्थित कमरे में विवेक यादव व धर्मेंद्र कुमार मिलकर नकली नोट छापने का काम करते थे।
गिरोह का सरगना बताए जा रहे विवेक यादव और एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।