ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन सतर्क
देवरिया। जनपद. मे ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने शनिवार को शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कोतवाली क्षेत्र के मालवीय रोड स्थित ईदगाह, जामा मस्जिद समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा, प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जनपदीय पुलिस द्वारा लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।